बेची गई जमीन की रकम में हिस्सा मांगने पर फुरकान की हत्या उसकी मां और भाई ने ही सुपारी देकर कराई थी। पुलिस ने आरोपी भाई और दो अन्य हत्या आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। आरोपियों की निशादेही पर आला कत्ल और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस ने सुपारी में दिए 50 हजार रुपये भी आरोपियों से बरामद किए हैं।
घटना का खुलासा करते हुए इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि फुरकान नशा और जुआ का लती था। उसकी मां चंदा ने दो साल पहले अपनी तीन बीघा जमीन जेठ मतिउल्ला के बेटे सोनू के हाथ 24 लाख रुपये में बेची थी। पांच लाख रुपये बयाने के रूप में लिए गए थे। शेष रकम फुरकान के डर से सोनू के पास ही जमा रखी थी। फुरकान अपनी मां और परिवार वालों के साथ अक्सर मारपीट कर रुपये की मांग करता था। उसने दो लाख रुपये लेकर जुआ में उड़ा दिए थे। इसके बाद भी वह लगातार रकम की मांग कर रहा था। इस पर उसके परिवार वाले दिल्ली चले गए थे। फुरकान की हरकतों से तंग आकर उसकी मां चंदा और भाई रिजवान ने उसे ठिकाने लगवाने की ठान ली। मोहल्ले के ही अशफाक को फुरकान की हत्या की एक लाख रुपये में सुपारी दी गई। इसके बाद अशफाक ने अपने फुफेरे भाई, पूरनपुर देहात के मोहल्ला ढका निवासी सईद उर्फ पहाड़ी से मिलकर फुरकान की हत्या की योजना बनाई। पहाड़ी को 18 हजार रुपये देना तय हुआ था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि योजना के तहत एक फरवरी को फुरकान को शराब पिलाकर बाइक से माधोटांडा होते हुए बाइफरकेशन रोड से घटनास्थल तक ले जाया गया। वहां पहाड़ी और अशफाक ने फुरकान की बांका से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। अशफाक उसी दिन रोडवेज बस से दिल्ली चला गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्यारोपी अशफाक और पहाड़ी की निशादेही पर घटना स्थल के समीप छिपा कर रखा गया आला कत्ल बरामद कर लिया गया। बाइक भी बरामद कर ली गई। उन्होंने बताया कि सुपारी के रुपयों में अशफाक से 32 हजार रुपये और सईद उर्फ पहाड़ी से 18 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। मालूम हो कि फुरकान का शव नग्नावस्था में दो फरवरी की सुबह हरदोई ब्रांच नहर पटरी पर बाइफरकेशन जाने वाले रास्ते पर झाड़ियों में मिला था।
पुलिस चौकी के पास पिलाई थी शराब
घटना के दिन फुरकान को नगर पुलिस चौकी के समीप एक होटल में ले जाकर शराब पिलाई गई थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि इसके बाद हत्यारोपी फुरकान की हत्या करने को उसे बाइक से घटना स्थल तक ले गए थे।
पहचान मिटाने को उतारे थे कपड़े
इंस्पेक्टर ने बताया कि फुरकान की पहचान मिटाने के इरादे से हत्यारों ने उसके कपड़े उतारकर गायब कर दिए थे। उन्होंने बताया कि हत्यारे फुरकान के शव को नहर में फेंकना चाहते थे, लेकिन चहल-पहल होने से शव को झाड़ियों में फेंक कर भाग गए थे।
दोस्त से मिला पुलिस को क्लू
इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि फुरकान नशे के साथ जुआ भी खेलता था। घटना के खुलासे को फुरकान के जुआरी दोस्त को भी हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद सर्विलांस का भी सहारा लिया गया। फुरकान के दोस्त ने ही कई ऐसे क्लू दिए जिनसे घटना का खुलासा हो सका।