बिठौराकलां गांव निवासी 50 वर्षीय किसान रामेश्वर की छत से उतरते वक्त जीने से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की बहन ने गांव के एक युवक पर पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गजरौला थाना क्षेत्र के बिठौराकलां निवासी रामेश्वर खेती करते थे। उनकी पत्नी की काफी समय पहले मौत हो चुकी है और दो बेटियां विवाहित हैं। वह घर पर अकेले रहते थे। बृहस्पतिवार देर शाम छत से उतरने के दौरान वह जीने से गिर गए। इसमें उनको काफी चोटें लगी हैं। इस पर शोर सुनकर आसपास के कई लोग मौके पर पहुंचे और लिहाफ ओढ़ाकर किसान को लिटा दिया। जिसमें उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर गांव में रहने वाली मृतक की बहन जगरानी ने गांव के जगदीश पर हत्या करने का आरोप लगाया। लिहाफ ओढ़ाते वक्त किसी तरह हत्या करने की बात कही। एसएचओ नरेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की पुष्टि होगी। गांव के लोगों से बातचीत करने पर छत से गिरने से बुजुर्ग की मौत बताई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।