चौकी में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसान को पीटा
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने चौकी में पुलिस के सामने एक किसान की पिटाई कर दी। पीड़ित के तहरीर देने पर हजारा थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को पीड़ित ने एसपी से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई। दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हजारा थाना क्षेत्र के टिल्ला नंबर चार बमनपुर भगीरथ निवासी गुरबख्श सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में बताया कि पंचायत क्षेत्र में उनकी पांच एकड़ जमीन है। इस पर वह पिछले ढाई दशक से खेती कर रहे हैं। आरोप है कि उसकी इस जमीन पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व उनके परिवार के लोग अवैध कब्जा करने की कोशिश में हैं। उसने 16 मार्च को कंबोजनगर चौकी पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय तीन दिन पूर्व दोनों पक्षों को पंचायत के लिए चौकी में बुलाया गया। पंचायत में गांव के कई अन्य लोग भी पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने गाली गलौच शुरू कर दी। यही नहीं पुलिस के सामने चौकी परिसर में उसे जिला पंचायत सदस्य और उसके साथियों ने पीटा। मौके पर मौजूद पुलिस वाले बचाने के बजाए दूर खड़े तमाशबीन बने खड़े रहे। मारपीट करने के बाद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जमीन में कोई फसल बोने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इस घटना की तहरीर हजारा पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। मंगलवार को एसपी को दिए शिकायती पत्र में पीड़ित ने खुद की जान को खतरा बताया है। एसपी देव रंजन वर्मा ने मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन पीड़ित को दिया। वहीं आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश हजारा पुलिस को दिए हैं।