शहर की मोहल्ला सिविल लाइंस साउथ निवासी मोहम्मद अबरार की मारुति वैन पर कॉलोनी का ही आनंद बतौर चालक कार्य करता है। आनंद रविवार रात करीब पौने आठ बजे वैन को रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर स्थित साइकिल स्टैंड के बाहर खड़ा कर वैन मालिक से मिलने चला गया। कुछ देर बाद ही वैन के अगले हिस्से में अचानक आग की लपटें उठने लगी। सन्नाटे में खड़ी वैन को देखकर कुछ देर तक लोग समझ नहीं पाए, लेकिन जब वैन के भीतर आग धू-धू कर जलने लगी तो आसपास से गुजर रहे लोगाें ने शोर मचाना शुरू कर दिया। वैन चालक की तलाश की गई लेकिन वह नहीं मिला। वैन में आग लगने की जानकारी पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद कुछ लोगों ने वैन का अगला शीशा तोड़कर बमुश्किल आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी पर कुछ देर बाद आनंद भी मौके पर पहुंच गया। आनंद ने बताया कि तारों में शार्ट सर्किट के चलते आग लगी है। हालांकि वैन में कोई खास नुकसान नहीं हुआ है।