टूरिस्ट वीजा पर हांगकांग पहुंचने पर खानी पड़ी जेल की हवा
बमुश्किल लौटे स्वदेश, तीन लोगों के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट
विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लखीमपुर खीरी के गांव ऐठपुर निवासी बलजिंदर सिंह और गोला गोकर्णनाथ के गांव गुदिया पड़रिया निवासी निशान सिंह से पंद्रह लाख रुपये ठग लिए गए। ढगों ने रकम लेने के बाद दोनों को हांगकांग का टूरिस्ट वीजा थमा दिया गया। हांगकांग पहुंचने पर दोनों युवकों को जेल की हवा खानी पड़ी। बाद में दोनों को मलेशिया भेज दिया गया। मलेशिया में अभिलेख जमा करने पर दोनों युवक बमुश्किल पासपोर्ट वापस मिलने पर स्वदेश लौटे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने ठगी के इस मामले में बीसलपुर के गांव बोनी बसेरा निवासी हरजिंदर सिंह, सुखविंदर सिंह और उसके साथी दलप्रीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बलजिंदर सिंह और निशान सिंह ने बताया कि नगर के माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग के समीप ब्रिटिश प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कार्यालय चलाने वाले बोनी बसेरा खुदागंज रोड बीसलपुर निवासी हरजिंदर सिंह, सुखविंदर सिंह और दलप्रीत सिंह ने उसे वर्क वीजा दिलाकर विदेश में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। आरोप है कि दोनों से पंद्रह लाख रुपये लेकर फर्जी तरीके से हांगकांग का वीजा दे दिया। हांगकांग पहुंचने पर धोखाधड़ी कर टूरिज्म वीजा देने की जानकारी हुई। हांगकांग में इसे लेकर दो दिन जेल में रहना पड़ा। हांगकांग से वापस लौटने पर आरोपियों ने दिल्ली के मेट्रो होटल में करीब डेढ़ महीना और नगर के एक होटल में चार-पांच दिन रखने के बाद एक बार फिर झांसा देकर फर्जी ढंग से मलेशिया भेज दिया गया। मलेशिया में आरोपियों के एजेंटों ने उनसे वीजा, पासपोर्ट आदि सारे अभिलेख ले लिए। बमुश्किल पासपोर्ट वापस मिलने पर वह स्वदेश लौटे। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने टाल मटोल की। इसके बाद आरोपी कार्यालय बंद कर गायब हो गए। पुलिस ने बलजिंदर और निशान सिंह की ओर से हरजिंदर सिंह, सुखविंदर सिंह और दलप्रीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।