नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार की रात गजरौला में एक किसान के पूरे परिवार को बंधक बनाकर तीस हजार रुपये कैश समेत पांच लाख के जेवरात लूट लिए। गुरुवार को सूचना मिलने पर पुलिस तो पहुंची लेकिन कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा।
गजरौला थाना क्षेत्र के पुरवा खाग गांव के रहने वाले सुरेश चंद्र शर्मा किसान हैं। बुधवार रात वह अपनी मां रूपदेई, पत्नी राजबेटी, बेटे शिवम, बेटी लक्ष्मी के साथ आंगन में सो रहे थे। रात करीब बारह बजे सात नकाबपोश बदमाश दीवार कूदकर मकान के भीतर घुस आए। उन्होंने सबसे पहले घर में रखी एक पैंट से सुरेश और शिवम के हाथ-पैर बांध दिए। तीन बदमाश पत्नी और बेटी के पास असलहे लेकर खड़े रहे और एक ने बूढ़ी मां को उठाकर बरामदे में पड़े तख्त पर बैठा दिया। शोर मचाने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद बदमाश परिवार के पांचों सदस्यों को एक कमरे में ले गए, जहां उनको बंधक बना लिया। कुछ बदमाश मकान के बाहर भी खड़े रहे। इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखा कीमती सामान खंगालना शुरू कर दिया। वे घर से तीस हजार रुपये नगद और जेवरात समेत पांच लाख का सामान लूट ले गए। बदमाश बाहर से कमरे की कुंडी लगाकर भाग गए। घरवालों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए और किसान के परिवार को बंधनमुक्त किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला। दूसरे दिन सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस गांव पहुंची और मौका मुआयना किया। घटना की तहरीर पीड़ित की ओर से पुलिस को दे दी गई है। घटना के बाद से इलाके में दहशत है। इससे पहले भी न्यूरिया और सुनगढ़ी इलाके में भी लृूट और चोरी की कई वारदात हो चुकी हैं।
घटना की सूचना मिलने पर मौका मुआयना कर जानकारी ली गई है। पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आसपास के क्षेत्र में संपर्क कर बदमाशों तक पहुंचने के सबूत जुटाए जा रहे हैं।
- विवेक त्रिवेदी, एसओ गजरौला