एक युवक ने घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ की। चीख सुनकर पहुंचे परिवारीजनों ने युवती को बचाया तो युवक मारपीट करने लगा। मौके पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी धमकी देकर भाग गया। पीड़ित एसपी से शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई है। बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसे गांव का युवक आए दिन परेशान करता है। तीन दिन पहले आरोपी उसके घर में घुस गया और पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। उसके विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की। उसकी चीख सुनकर परिवारीजन मौके पर पहुंचे और बीच बचाव कराया। इस पर आरोपी अपनी गलती मानने के बजाय यवुती के परिवार वालों से भिड़ गया। आसपास वालों के इकट्ठे होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गया। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इधर, बीसलपुर कोतवाल एसके सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।