सुनहरी मस्जिद चौराहा के पास नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। राहगीरों को रोककर अभद्रता की गई। विरोध करने पर पास रखी हजारों की नगदी दिखाकर रसूख जताने लगा। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बमुश्किल युवक को काबू किया। उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।
बुधवार सुबह करीब दस बजे नशे की हालत में एक युवक सुनहरी मस्जिद चौराहा पर पहुंचा। युवक के हाथ में हजारों रुपये की नगदी थी। पहले तो युवक नशे में हंगामा करता रहा। कुछ ही देर में नशा बढ़ते ही उसने राहगीरों से भिड़ना शुरू कर दिया। काफी मनाने पर भी नहीं माना तो आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। जिस पर कोतवाली पुलिस के सिपाही मौके पर पहुंचे और युवक को धर लिया। मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर वहां पुलिस से भी भिड़ गया। वहीं, युवक का आरोप था कि सिपाहियों ने उससे पैसे मांगे थे। न देने पर उसे बेवजह परेशान किया गया। एसएसआई एके सिंह ने बताया कि नशेड़ी जहानाबाद क्षेत्र के सुसियार गांव का रहने वाला है। उसके पास से करीब 47 हजार रुपये बरामद हुए है। आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है।