पूरनपुर हाइवे पर गढ़ा रेंज के पास रविवार की शाम करीब आठ बजे कार व डंफर में टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार पूरनपुर निवासी 50 वर्षीय मुन्ने खां की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी भोली, दो पुत्र और डंफर चालक व उसका हेल्पर घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पत्नी भोली की हालत गंभीर बताई जाती है।
कोतवाली व कसबा पूरनपुर के मोहल्ला खानका निवासी मुन्ने खां कार से न्यूरिया कसबे में स्थित एक रिश्तेदारी में जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी व पुत्र शाहिद व जाहिद भी थे। पूरनपुर हाइवे पर थाना गजरौला क्षेत्र में गढ़ा रेंज के पास सामने से आ रहे डंफर व कार में टक्कर हो गई। कार डंफर में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसट गई। बाद में दोनों वाहन हाइवे से उतरकर पेड़ से टकरा गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार के गेटों को तोड़कर किसी तरह से घायलों को बाहर निकला। हादसे में मुन्ने खां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी व दोनों पुत्र घायल हो गए। डंफर चालक व उसका हेल्पर भी घायल हो गया। डंपर चालक व हेल्पर का नाम-पता ज्ञात नहीं हो सका है।
पुलिस ने पांचों घायलों को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक पत्नी भोली की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
----