दो जालसाज युवक पीतल के सिक्कों को सोने का बताकर एक फार्मर से 2.80 लाख रुपये ठग ले गए। फार्मर को पीतल होने तब हुई जब वह सिक्के बेचने को सर्राफ के पास पहुंचा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के ग्राम चकपुर निवासी जसवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम ढकिया केसरपुर निवासी शिशुपाल से उसकी पुरानी पहचान है। 21 दिसंबर 2016 को शिशुपाल अपने साथ दिल्ली के रोहिणी नार्थ बेस्ट क्षेत्र के सैक्टर-7 नहटपुर निवासी जितेंद्र को लेकर जसवीर के घर पहुंचा। उसे शिशुपाल और उसके साथी ने 300 सोने के सिक्के दिखाए, जिसके बदले 2.80 लाख रुपये देने को कहा। लालच में आकर जसवीर ने हामी भर दी। दो दिन बाद शिशुपाल और उसका साथी दुबारा उसके घर पहुंचे और तीन सौ सिक्के देकर तय हुए 2.80 लाख रुपये गए। जसवीर के मुताबिक पुरानी पहचान होने के कारण उसने कोई जांच पड़ताल नहीं की। तीन दिन पहले वह सिक्के बेचने के लिए पीलीभीत गया। जहां चेक करने पर सर्राफ ने सिक्के पीतल के बताकर खरीदने से मना कर दिया। उसकी बात सुनकर जसवीर के होश उड़ गए। इसके बाद उसने थाने जाकर तहरीर दे दी इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।