पीलीभीत। गैंगरेप के एक आरोपी की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भाई ने मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ शराब में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। सितंबर 2016 में जहानाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाले 40 वर्षीय युवक व उसके तीन दोस्तों पर युवक की पत्नी गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके कुछ दिनों बाद गैंगरेप के एक आरोपी की रिश्तेदार महिला ने विरोधी पक्ष के खिलाफ जहानाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद युवक व उसकी पत्नी अलग-अलग रहने लगे। युवक की पत्नी सात साल की बेटी को लेकर बरेली के नवाबगंज कस्बे में रहने लगी। जबकि युवक अपने दो बेटों के साथ जहानाबाद क्षेत्र में रहता था। युवक उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। वह शुक्रवार को अपने गांव लौटा था। देर रात उसकी मौत हो गई। उसके भाई का आरोप है कि रंजिश के चलते युवक को उसकी पत्नी ने गांव के कोटेदार समेत दो लोगों की मदद से शराब में जहर पिलाकर मार डाला। रात में करीब नौ बजे युवक को आरोपी घर के बाहर फेंककर चले गए। परिवार वालों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। शनिवार सुबह इसकी सूचना पुलिस को दी गई।