नगर पालिका कार्यालय में दो पक्षों में हुई मारपीट में पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मियां की ओर से व्यापारी नेता हाजी लाडले और उनके भाई, भतीजे के खिलाफ बलवा, गाली गलौज, मारपीट कर धमकाने और छेड़छाड़ करने जबकि व्यापारी नेता हाजी लाडले की ओर से पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मियां उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रिजवाना बेगम, उनके पुत्र और अन्य के खिलाफ गाली-गलौज कर धमकाने और दस हजार रुपये मोबाइल लूट की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद पूर्व जिला पंचायत सदस्य और व्यापारी नेता की ओर से अलग-अलग पुलिस को तहरीर दी गई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मियां ने बलवा कर घेरकर मारपीट करने और उनकी रिश्तेदार महिलाओं के साथ अश्लीलता का आरोप व्यापारी नेता मुजफ्फर खां उर्फ हाजी लाडले,उनके भाई पारे, मीनू, भतीजे अरसलान और अन्य पर लगाया। पुलिस ने मोहम्मद मियां की ओर से बलवा, छेड़छाड़, गाली गलौज कर मारपीट कर धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य का आरोप है कि बैठक के बाद रास्ते में उसे घेरकर पिटाई की गई। सूचना पर पहुंची महिलाओं से अश्लीलता की गई। उधर, व्यापारी नेता हाजी मुजफ्फर खां उर्फ लाडले ने पुलिस को दी तहरीर में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मियां, उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रिजवाना बेगम, पुत्र दानिश और अन्य लोगों पर गाली-गलौज कर धमकाने व दो हजार रुपये और मोबाइल लूट का आरोप लगाया। पुलिस ने हाजी लाडले की ओर से उक्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हाजी लाडले का आरोप है कि बैठक में हुई मारपीट पर कुछ संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर दिया। बाद में उनके प्रतिष्ठान पहुंचे लोगों ने गाली-गलौज कर धमकाते हुए दस हजार रुपये की नगदी, मोबाइल लूट लिया।