सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूरे खां के मोहम्मद याकूब ने बताया कि 19 मई को सुबह चार बजे कुछ लोग कहीं से चोरी की एक गाय लेकर आए और उसके दरवाजे पर बांध दी। जिस पर उनके बेटे रहीस मियां ने ऐतराज जताया तो आरोपी इसी बात से खफा हो गए और काफी बुरा भला कहा। यही नहीं मंगलवार को ही रहीस पर सुबह कहीं कार्य से जाते समय आरोपियों ने हमला किया। जिस पर रहीस किसी तरह जान बचा कर भाग आया और उसी दिन इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। याकूब का आरोप है कि 20 मई की सुबह 10:30 बजे जब वह घर पर नहीं था तभी उक्त आरोपी हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस आए और तोड़-फोड़ करने लगे। आरोपियों की इस कार्रवाई से मोहल्लेवासियों में हड़कंप मच गया। घर में मौजूद महिलाओं ने विरोध जताया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। मोहल्ले और परिवार के कुछ लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को फोन कर दी। इस पर खकरा चौकी पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और घर में तोड़फोड़ कर रहे दो आरोपियों को साथ ले गई। मारपीट की इस घटना में याकूब की पत्नी रेहाना, पुत्री नाजु, शाबाना, रुखसाना, शहनाज, पुत्रवधू शाजिदा पत्नी मोहम्मद मियां, फातमा पत्नी अनीस घायल हो गई। गंभीर चोट के कारण शहनाज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। याकूब ने बताया कि कोतवाली में तहरीर दे दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाली के एसआई रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित पक्ष की उन्हें तहरीर नहीं मिली है जबकि पीड़ित पक्ष ने तहरीर देने की बात कही है।