उधारी के पैसे मांगने पर पसियापुर में युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। गांव बिसेन में जमीन के विवाद में हुए झगड़े में महिला सहित छह लोग घायल हो गए।
थाना क्षेत्र के गांव पसियापुर निवासी जीशान शाह से गांव के ही चांद मियां ने कुछ रुपये उधार लिए थे। बृहस्पतिवार को सुबह रुपये वापस मांगने पर चांद मियां ने जीशान से अभद्रता की। विरोध करने पर चांद मियां ने जीशान पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें जीशान घायल हो गया। जीशान की तहरीर पर पुलिस ने चांद मियां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, थाना क्षेत्र के गांव बिसेन में जमीन के विवाद में शरीफ अहमद और सगीर अहमद में झगड़ा हो गया। शरीफ अहमद के अनुसार वह अपनी जमीन पर नींव भरवा रहा था। इस पर गांव के ही सगीर अहमद, शहादत आसिफ, गुड्डू बाबू आदि ने उस पर हमला कर दिया। दोनों ओर से हुई मारपीट में एक महिला सहित छह लोग घायल हो गए। सगीर अहमद की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।