दो दिन पहले महिला की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। महिला ने उसकी शिनाख्त कर ली है।
मंगलवार शाम आवास विकास कॉलोनी में एलआईसी दफ्तर के निकट शिवनगर कॉलोनी निवासी अनिल कुमार की पत्नी अंजलि देवी के गले से बदमाश ने सोने का मंगलसूत्र खींच लिया था। इससे एक दिन पहले पूर्व चेयरमैन राजीव अग्रवाल टीटी की भतीजी की सरेशाम चेन लूट ली गई थी। चौबीस घंटे में चेन स्नैचिंग की दो घटनाएं होने पर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई। सदर कोतवाली पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर अंजलि से शिनाख्त कराई तो उन्होंने उसे पहचान लिया। एक अन्य चश्मदीद ने भी पुलिस को बताया कि लुटेरा हिरासत में लिए गए युवक से मिलता जुलता था। सदर कोतवाल हरगोविंद सिंह ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है।