गांव रंपुरा मिश्र के पास पुलिस ने एक ट्रक से करीब 150 कुंतल पशुओं का मांस बरामद किया है। मौके से चालक समेत तस्कर फरार हो गए। बताते हैं कि इसी बीच पहुंचे बोलेरो सवार सफेदपोश पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और ट्रक को पकड़ने पर विरोध जताया। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी झड़प भी हुई।
सीओ निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि पीलीभीत की ओर से एक ट्रक रिछा की ओर जा रहा था। मुखबिर ने ट्रक में बड़ी संख्या में प्रतिबंधित पशुओं का मांस होने की जानकारी दी थी। सूचना पर जब पुलिस ने ट्रक का पीछा किया तो गांव रंपुरा के पास ट्रक मौके पर छोड़कर चालक और तस्कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान ट्रक में करीब 150 कुंतल मांस बरामद हुआ।
उधर प्रत्यदर्शियों की मानें तो ट्रक मौके पर छोड़कर चालक समेत तस्करों के भागे जाने के कुछ देर बाद एक बोलेरो आकर ट्रक के पास रुकी। उसमें से उतरे सफेदपोश लोगों ने ट्रक पकड़ने पर पुलिस से नोकझोंक करने लगे।
000
मेल नहीं खाते एसओ और सीओ के बयान
हालांकि एसओ वीके गौतम का कहना है कि न तो कोई बोलेरो गाड़ी पहुंची और न ही पुलिस की किसी से कोई नोकझोंक हुई है। वहीं सीओ निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि मौके पर गए थे। वहां कुछ लोगों से नोकझोंक होने की जानकारी मिली है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नोकझोंक मामले की जांच कराई जा रही है।
मांस बरामद, आरोपी फरार
पूरनपुर। मोहल्ला रजागंज में बिक्री किए जा रहे पशु के मांस और बिक्री के उपकरण पुलिस ने बरामद किए, लेकिन मांस बिक्री कर रहे दोनों आरोपी पुलिस को देखकर भाग निकले।
नगर चौकी इंचार्ज राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मोहल्ला रजागंज में इकबाल के खाली प्लॉट मेें पशुओं के मांस की बिक्री की सूचना पर छापा मारा गया। छापे के दौरान 80 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, तराजू, छुरी आदि उपकरण बरामद हुए। उन्होंने बताया कि मांस बिक्री कर रहा मोहल्ला साहूकारा निवासी शेरू और शेरपुरकलां निवासी विलाती भागने में सफल हो गया। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधित पशु वध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।