शादी समारोह में गोमांस पकाए जाने की सूचना पर पुलिस ने एक बारात घर में छापा मारकर घंटों छानबीन की। बारातघर में पकाए जा रहे खाने को चेक किया गया, लेकिन गोमांस नहीं मिला। सूचना फर्जी निकलने पर पुलिस बैरंग लौट गई। पुलिस की दौरान बारातघर में खलबली मची रही। रविवार को शहर में रहने वाले कांग्रेसी नेता के भाई की शादी खकरा चौकी क्षेत्र स्थित एक बारातघर में थी। फोन पर किसी ने पुलिस को सूचना दी कि शादी समारोह में गोमांस पकाया जा रहा है। सूचना मिलने पर यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। कोतवाल ख्यालिराम आदित्य भी बारातघर जा पहुंचे। इसके बाद बारातघर का सर्च अभियान शुरू कर दिया। बारात में बनाए जा रहे खाने को चेक किया गया। आसपास के कुछ मकानों में जाकर पुलिस ने जांच की, लेकिन गोमांस पकाए जाने की सूचना फर्जी निकली। सीओ सिटी अनुराग दर्शन ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन सूचना फर्जी निकली।