गांव पटपरा निवासी कल्यान सिंह ने डीजीपी को भेजे पत्र में कहा है कि उसने 17 नवंबर 14 को थाना गजरौला पर लूटपाट, अपहरण का मामला दर्ज कराया था। जिसकी पुलिस विवेचना नहीं कर रही थी। उन्होंने हाईकोर्ट इलाहाबाद में याचिका दायर कर विवेचना कराने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने पहली दिसंबर को विवेचना करने के आदेश दिए थे। आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बाद मामले के विवेचक ने 27 दिसंबर को आरोपियों के घर पर दबिश दी और उन्हें पकड़कर ले गए। बाद में रास्ते से छोड़ दिया। आरोप है कि जब उन्होंने दरोगा से आरोपियों को छोड़ने पर नाराजगी जताई तो दरोगा ने उन्हें अपशब्द कहे और दोबारा थाने आने पर फर्जी मामले में बंद कर देने की धमकी दी। इसकी उसने शिकायत एसपी से की। इसके बाद दरोगा उसके घर दो सिपाहियों के साथ पहुंचे और डरा धमका कर उसके व उसके पुत्र के सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिए। उन्होंने डीजीपी से कार्रवाई की मांग की है।