बीसलपुर रोड पर रूपपुर गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार इंटरमीडिएट के छात्र राजेंद्र कुमार (18) पुत्र रामपाल की मौत हो गई। जबकि उसका फुफेरा भाई अरुण गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक व उसका चालक पुलिस के कब्जे में है। घायल का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के अलियापुर गांव निवासी रामपाल खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह उनका बेटा राजेंद्र बाइक की सर्विस कराने के लिए पीलीभीत आ रहा था। उसके साथ फुफेरा भाई गजरौला के गांव जमुनिया बंजारा निवासी अरुण कुमार भी था। बीसलपुर रोड पर रुपपुर गांव के पास पहुंचते ही रेत लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अरुण गंभीर रुप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक व उसके चालक को कब्जे में ले लिया। घायल को आनन-फानन में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी आ गए। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई गनेश प्रसाद व दो बहनें रामबेटी व सीमा हैं। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। उसकी मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां सोमवती का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले भी वह बाइक की सर्विस कराने के लिए पीलीभीत आया था, लेकिन एजेंसी पर लंबी लाइन होने के कारण लौट गया था। पुलिस ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। थाना प्रभारी मुहम्मद कासिम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी ट्रक चालक बरखेड़ा के प्रतापडांडी गांव का रहने वाला राजेंद्र पुत्र श्रीराम है। परिजनों से मिली तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज की गई है।