शाहजहांपुर रोड पर परसिया गांव के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे अनियंत्रित बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक किराना व्यापारी हर्षित अग्रवाल (28) पुत्र राजेश की मौत हो गई, जबकि दूसरा मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। बाइक चलाते वक्त किराना व्यापारी ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बख्तावरलाल निवासी हर्षित अग्रवाल की कटरा बाजार में किराने की दुकान है। शुक्रवार रात वह बाइक से पीलीभीत होते हुए पूरनपुर अपनी ससुराल जाने को निकले। उनके साथ दुकान का कर्मचारी मोहित भी था। शाहजहांपुर रोड पर परसिया गांव के पास बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भिजवाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में हर्षित की मौत हो गई। शनिवार सुबह जानकारी मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में किराना व्यापारी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी शिखा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आठ माह के बेटे के सिर से पिता का साया छिन गया है। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके एक छोटा भाई संचित है। जवान बेटे की मौत से मां नीता देवी बदहवास हैं।