आंख से काजल चोरी कर लेना...यह कहावत तो सभी ने सुनी ही होगी। यह कहावत इस समय पुलिस महकमा पर सटीक बैठ रही है। अफसर आटो लिफ्टर गैंग की धरपकड़ के लिए रणनीति बनाते रह गए और चोर पुलिस लाइन परिसर से बाइक उड़ा ले गए। जिसके बाद अधिकारी साख बचाने को घटना छिपाने में जुट गए है। शनिवार रात को आटो लिफ्टर गैंग ने पुलिस को उसकी मुस्तैदी का आइना दिखाने के लिए पुलिस लाइन में दस्तक दी। एसपी कार्यालय से चंद कदम दूर एचसीएमटी कार्यालय के पास खड़ी एक स्पलैंडर बाइक को उड़ा ले गए। रात भर महकमें को इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। रविवार सुबह बाइक नदारद मिलने पर घटना सामने आई। जिसके बाद वायरलैस कर बाइक की तलाश के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही महकमें की छवि बचाने के लिए घटना को छिपाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। पूछने पर कोई बाइक चोरी के बाद मिलने की बात कहता रहा, तो कोई इससे अभिज्ञनता जताने में जुट गया। जबकि सूत्रों की मानें तो बाइक एक सिपाही की है, जो जिले के एक अधिकारी के साथ हमराह है। महकमें में भी इसको लेकर चर्चाएं तेज है।