बाइक सवार ने उचक्के ने शिक्षिका का पर्स लूटा
बाजार से खरीदारी कर लौटी शिक्षिका का नकदी से भरा पर्स बाइक सवार युवक झपट्टा मारकर छीन ले गया। निरंजनकुंज कालोनी में मकान के बाहर रिक्शा चालक को रुपये देते वक्त वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। इधर कालोनी में वारदात से लोगों में खासी नाराजगी है। कोतवाली क्षेत्र के निरंजनकुज कालोनी निवासी भूपेंद्र जोशी की पत्नी अनीता जोशी वीरांगना अवंतीबाई बालिका इंटर कॉलेज में खेल शिक्षिका है। सुबह कालोनी के मंदिर से पीतल का लोटा चोरी हो गया था। जिसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। देर शाम शिक्षिका मंदिर के लिए पीतल का लोटा खरीदकर बाजार से घर पहुंची। मकान के गेट पर रिक्शा चालक को पैसे दे रहीं थी। इस बीच बीच बाइक पर सवार एक उचक्का आया और झपट्टा मारकर पर्स ले गया। शिक्षिका ने चीख पुकार मचाई, लेकिन आसपास के लोग नहीं निकले। नतीजतन बाइक सवार आसानी से भाग निकला। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 डायल पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शिक्षिका ने बताया कि पर्स में करीब दस से बारह हजार रुपये की नकदी थी। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि चेकिंग कर बाइक सवार की तलाश की जा रही है। आसपास के लोगों से भी उसके हुलिये के बारे में जाना जा रहा है। तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।