न्यूरिया में एक रात में तीन गांवों में लूटपाट करने वाले बदमाशों ने शनिवार रात को कुर्री गांव में दस्तक दी। दीवार कूदकर ठेकेदार के घर में घुस आए। बरामदे में सो रहे माता-पिता को असलहों के बल पर बंधक बनाया और पचास हजार नगद, जेवरात समेत दो लाख का सामान लूट ले गए। दूसरे दिन पुलिस मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाने पहुंची। हालांकि हर बार की तरह इस बार भी पुलिस के हत्थे कोई खास क्लू नहीं लगा।
सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव कुर्री निवासी जियाउद्दीन ठेकेदार है। पिछले काफी समय से वह हिमाचल में रह रहे हैं। शनिवार रात घर पर पिता जलालुद्दीन और मां जुलेखां बेगम बरामदे में सो रहे थे। बहन आरिशां कमरे में थी। रात करीब बारह बजे दीवार कूदकर दो बदमाश घर के भीतर घुस आए और बरामदे में सो रहे दंपति को असलहों के बल पर कब्जे में कर लिया। विरोध करने पर महिला की पिटाई भी की। इसके बाद इशारा किया, जिस पर बाहर खड़े छह नकाबपोश बदमाश भी भीतर आ गए। इसके बाद घर पर मौजूद तीनों लोगों को दो बदमाश धमकाते रहे। बाकी बदमाशों ने कमरों में रखे संदूक, बक्से और अलमारी तोड़ना शुरू कर दिया। यहां से बदमाश एक दिन पहले ही ट्रैक्टर की किश्त जमा करने को लाए गए पचास हजार रुपये, एक लाख रुपये के जेवरात, चांदी पीतल के बर्तन, कपड़े समेत दो लाख रुपये का सामान लूट ले गए। करीब पैंतालीस मिनट तक बदमाशों ने लूटपाट की। जाते वक्त बदमाशों ने तीनों को बांधकर कमरे में डालने की धमकी तो दी, लेकिन परिवारीजनों के शोर न मचाने की बात कहने पर उन्हें वैसे ही छोड़कर चले गए। रविवार सुबह सूचना मिलने पर सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने मौके पर पहुंचकर सुरागरसी की। डॉग स्क्वायड बुलाकर सुराग जुटाने की कोशिश भी नाकाम रही। पुलिस का मानना है कि न्यूरिया और कुर्री में घटना करने वाले एक ही हैं। पीड़ित से कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी गई है।
‘रामपाल का मर्डर करने आए हैं हम’
लूटपाट करने वाला एक ही गैंग है। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा रहा है कि दोनों स्थानों पर उनका अंदाज एक ही रहा। यहां भी घर में घुसने के बाद बदमाशों ने पहले वृद्ध जलालुद्दीन से रामपाल का मकान पूछा। बताया कि वह उसका मर्डर करने आए हैं, चलकर मकान दिखाओ। वृद्ध के रामपाल नाम के व्यक्ति को जानने से अनभिज्ञता जताने पर बदमाशों ने बाद में असलहों की चेकिंग का कारण बताना शुरू कर दिया।
जाते वक्त उतरवा लिए पहने हुए गहने भी
लूटपाट करने के बाद भागते वक्त बदमाशों ने महिला के नकली जेवरातों को भी नहीं छोड़ा। उनको असली समझकर उतरवा लिया। इसे देने में आनाकानी करने पर मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि जो कुंडल उससे चलते वक्त लिए वह सोने के हैं ही नहीं।
भिकारीपुर चौकी के पूरे स्टाफ पर गिरी गाज
पीलीभीत। कुर्री गांव में डकैती की वारदात के बाद भिकारीपुर चौकी पुलिस पर गाज गिरी है। एसपी ने गांव वालों और पीड़ित पक्ष से मिली जानकारी पर यह सख्त कदम उठाया है। चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करते हुए उनको निलंबित कर दिया है। इसके अलावा इंस्पेक्टर को जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि गांव में हुई वारदात के बाद चौकी पुलिस सजग होती तो बदमाशों को पकड़ा जा सकता था। पीड़ित पक्ष का कहना है बदमाश करीब पौन बजे उनके घर से निकल गए। इसके ठीक पांच मिनट बाद घर वालों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर इक_ा हो गए थे। इस बीच पूर्व प्रधान मुख्तयार अहमद ने भिकारीपुर चौकी इंचार्ज समेत अन्य पुलिसकर्मियों को फोन कर सूचना देने की बहुत कोशिश की, लेकिन घंटी जाती रही और काल रिसीव ही नहीं की गई। इसके अलावा प्रधान पद चुनाव के बाद से ही कोई पुलिस वाला गांव नहीं पहुंचा था। गश्त सिर्फ कागजों में चल रही थी। यही नहीं गांव के लोगों ने पुलिस पर रिश्वतखोरी का आरोप भी लगाया है। अफसरों के संज्ञान में पुलिस की लापरवाही का ग्रामीणों ने चि_ा खेाला, जिसके बाद एसपी अनिल कुमार सिंह ने सख्त कदम उठाया है। एसपी ने चौकी प्रभारी सिद्धराज सिंह, एचसीपी मुन्नू सिंह, कांस्टेबल विनोद चौहान, भुत्तो खान और नेतराम को निलंबित कर दिया है। एसपी की कार्रवाई का पता लगते ही महकमे में हड़कंप है।
पुलिस की लापरवाही सामने आने पर चौकी इंचार्ज समेत पांच को निलंबित कर दिया गया है। सुनगढ़ी पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाया गया है।
- अनिल कुमार सिंह, एसपी