असम हाइवे पर ट्रक और डीसीएम में टक्कर हो गई। इसमें डीसीएम में सवार
पूरनपुर बिजली घर में कार्यरत संविदा कर्मचारी गांव सड़िया निवासी 25
वर्षीय देवदत्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां
उसकी मौत हो गई। सुनगढ़ी पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव
पोस्टमार्टम को भेजा है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सडिया निवासी
पातीराम का 25 वर्षीय पुत्र देवदत्त पूरनपुर विद्युत उपकेंद्र पर संविदा
कर्मी है। शनिवार को ड्यूटी खत्म कर वह पीलीभीत आने को असम चौराहा पहुंचा
और एक डीसीएम में सवार होकर रवाना हुआ। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव बिठौरा
के निकट पहुंचने पर सामने से आ रही ट्रक डीसीएम में सामने से टकरा गई।
इस
दुर्घटना में डीसीएम में सवार देवदत्त गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि चालक
को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा।
यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बीच उसके घर वाले भी जिला अस्पताल
पहुंच गए। युवक की मौत से घर वालों में कोहराम मचा गया।
सुबह सूचना मिलने
पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं मृतक के पिता
पातीराम की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
विद्युत
उपकेंद्र में संविदा कर्मी की नौकरी मिलने के बाद करीब डेढ़ साल पहले उसकी
शादी हुई थी। उसके आंगन में खुशियों की किलकारियां गुंजती इससे पहले ही
दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ
है। पत्नी प्रीति, पिता पातीराम एवं भाईयों रो रो बुरा हाल है।
बस ने बाइक को मारी
टक्कर, महिला मरी
पूरनपुर/गढ़वाखेड़ा।
बस की टक्कर से बेटे के साथ बाइक से पीलीभीत आ रही पलिया के बाजार प्रथम
निवासी किरन मिश्रा (55) की मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा मामूली
रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है
जबकि बस चालक फरार हो गया।
पलिया निवासी अवधेश मिश्रा की पत्नी किरन
रविवार शाम पुत्र हेमंत के साथ बाइक से रिश्तेदारी में पीलीभीत जा रही थीं।
असम हाइवे पर कजरी निरंजनपुर में अकाल एकेडमी के निकट पीछे से आ रही बस ने
आगे निकलने के चक्कर में बाइक को टक्कर दी। इससे मां बेटे बाइक सहित गिर
गए।
बस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटा
मामूली रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिसपर
गढ़वाखेड़ा चौकी इंचार्ज सीपी शुक्ला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया शव कब्जे व बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार हो
गया। महिला के पुत्र हेमंत को पूरनपुर अस्पताल भेजा गया है साथ ही घर वालों
को भी सूचना भेज दी गई है।