थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो घरवाले किशोरी के साथ एसपी से मिले और शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी ने एसओ को जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
माधोटांडा क्षेत्र की एक किशोरी शनिवार को घरवालों के साथ एसपी दफ्तर पहुंची। उसके पिता ने एसपी को बताया कि उसकी बेटी कक्षा 10 की छात्रा है। दो वर्ष पहले गांव के एक युवक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान तीन माह की गर्भवती हुई पुत्री को एक माह पूर्व प्रेमी ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। दवा खाने के बाद बेटी की हालत बिगड़ी तो उन्हें मामले की जानकारी हुई।
इस पर उन्होंने प्रेमी और उसके घरवालों पर शादी का दबाव बनाया। आरोप है कि पहले प्रेमी शादी के लिए राजी हो गया लेकिन अब वह मुकर गया है। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसपी ने एसओ माधोटांडा को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।