सीएमओ ने अमरिया ब्लाक में छापामारी कर दो क्लीनिक में अवैध ढंग से मरीजों का इलाज होते पाया। दोनों क्लीनिक को सील कर नोटिस दिया गया है। एक डॉक्टर के अभिलेख में गड़बड़ी की आशंका पर उसकी क्लीनिक बंद करा दी।
सीएमओ डॉ. ओपी सिंह ने बुधवार को अमरिया क्षेत्र की नगरिया कॉलोनी में छापेमारी की। उन्होंने डॉ. प्रदीप मंडल की डेंटल क्लीनिक पर डेंटल संबंधी मरीजों के बजाए सामान्य मरीजों का इलाज होते पाया। डॉक्टर द्वारा अभिलेख भी नहीं दिखाए गए। क्लीनिक को सील कर दिया गया है। सीएमओ ने समीप स्थित ज्योति मेडिकल स्टोर पर भी मरीजों का इलाज होते पकड़ा। अभिलेख मांगने पर स्टोर संचालक अभिलेख नहीं दिखा सका। जिस पर सीएमओ ने मेडिकल स्टोर भी सील करवा दिया। इसके बाद सीएमओ ने पिंजरा वमनपुरी में कृपाल क्लीनिक पर छापेमारी की। यहां सीएमओ ने क्लीनिक के डॉ. श्याम लाल से अभिलेख तलब किए। संदेह होने पर उन्होंने अभिलेखों को कब्जे में लेते हुए क्लीनिक को बंद करवा दिया। निरीक्षण के बाद सीएमओ में बताया कि एक क्लीनिक व एक मेडिकल स्टोर को सील कराया गया है।