पीलीभीत। परिवहन विभाग की टीम ने शहर में बेतरतीब दौड़ रहे वाहनों पर कार्रवाई की है। ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत पांच वाहनों को सीज किया गया। एक अनफिट पिकअप वैन सीज करने के दौरान मंडी के कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन उनकी एक नहीं चली। सीज वाहनों पर 85 हजार का जुर्माना डाला गया है। एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि अमरिया व बीसलपुर रोड़ पर चेकिंग के दौरान रेत से लदे दो ट्रक व गन्ना लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सीज की गई हैं। इन वाहनों को असम चौकी पर खड़ा करा दिया गया। इसके अलावा मंडी से फल लादकर निकली एक पिकअप, वैन भी परिवहन विभाग की टीम के निशाने पर रही। वाहनों के दस्तावेज की जांच पड़ताल में पता चला कि पिकअप का फिटनेस नहीं है। इस पर कार्रवाई शुरू की गई तो मंडी के कुछ आढ़तियों व व्यापारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। करीब पंद्रह मिनट बहस चलती रही। वाहन स्वामी ने सिफारिश भी कराई, लेकिन कोई बहाना काम नहीं आया। एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि सीज किए सभी पांच वाहनों पर 85 हजार का जुर्माना डाला गया है। चेकिंग अभियान जारी रहेगा। ब्यूरो