बरखेड़ा (पीलीभीत)। बिजली के बोर्ड में लगे चार्जर की पिन में उतरे करंट की चपेट में आकर दो साल की बच्ची की मौत हो गई। करंट लगने के बाद परिवार वाले बच्ची को लेकर पहले बरखेड़ा कस्बे के एक प्राइवेट अस्पताल लाए। वहां से रेफर किए जाने पर पीलीभीत के अस्पताल में दिखाया, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। परिवार ने बिना कोई कार्रवाई किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। बरखेड़ा कस्बे के मोहल्ला कुंदनपुर प्रथम निवासी झम्मनलाल कारपेंटर हैं। शनिवार को वह काम के सिलसिले में कस्बे में गए हुए थे। घर पर परिवार के बाकी सदस्य मौजूद थे। इस बीच कमरे में बिजली के बोर्ड में मोबाइल का चार्जर लगा हुआ था। उनकी दो साल की बेटी प्रियांशी घर पर खेल रही थी। रात करीब आठ बजे चार्जर की पिन पकड़ते ही बच्ची को करंट लग गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग भीतर पहुंचे तो दंग रह गए। हादसे की खबर मिलने पर झम्मनलाल भी घर आ गए। आननफानन में बच्ची को बरखेड़ा कस्बे के एक अस्पताल ले जाया गया। यहां बच्ची को रेफर कर दिया गया। जिसके बाद परिजन उसको पीलीभीत के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। रविवार को बच्ची के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के बाद से परिवार में चीख पुकार मची है। इकलौती होने के कारण प्रियांशी परिवार में सभी की लाडली थी। उसकी मौत के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।