पीलीभीत। सिलसिलेवार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस बेबस दिखाई दे रही है। न्यूरिया, जहानाबाद, गजरौला के बाद एक बार फिर शहर में चोरों ने दस्तक दी। बैंककर्मी के निर्माणाधीन मकान का कुंडा काटकर घुसे चोर करीब 40 हजार कीमत का सामान समेट ले गए। सोमवार सुबह मकान पर पहुंचने पर पीड़ित को घटना का पता लगा। वारदात का शोर मचने पर आसपास के काफी लोग जमा हो गए। हालांकि इसकी सूचना अभी पुलिस को नहीं दी गई है। मूल रूप से मोहल्ला मस्जिद पठानी के रहने वाले ऋषि कुमार ने बताया कि वह एसबीआई की ललौरीखेड़ा शाखा में सीनियर असिस्टेंट पद पर कार्यरत हैं। उनका संजय रॉयल पार्क कॉलोनी में मकान निर्माणाधीन है। उसमें पत्थरों की घिसाई का काम कराया जा रहा है। रविवार रात चोर निर्माणाधीन बंद मकान का कुंडा काटकर भीतर घुस गए और खंगाल डाला। कोई कीमती सामान न मिलने पर यहां से चोर पानी की मोटर, पत्थर काटने की मशीन, औजार समेत 40 हजार कीमत का सामान समेट ले गए। सोमवार सुबह निर्माणाधीन मकान में पहुंचने पर उनको घटना का पता लगा। इंस्पेक्टर कोतवाली केपी सिंह ने बताया कि अभी पुलिस को मामले की कोई सूचना नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत करता है, तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।