पीलीभीत। छात्रा को अगवा कर उसके परिजनों से 2.12 लाख रुपये फिरौती वसूल ली गई। इसके बाद छात्रा को छोड़ दिया गया। दोबारा घर में आए आरोपी ने छात्रा की गर्भवती मां से मारपीट की और दो लाख के जेवरात ले गया। पीड़ित पक्ष ने अपने ही एक रिश्तेदार पर आरोप लगाते हुए एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी पुत्री बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह दूसरे मोहल्ला में कोचिंग पढ़ने जाती है। आठ दिसंबर को कोचिंग जाते वक्त एक रिश्तेदार ने दो साथियों की मदद से उसको अगवा करने की कोशिश की। शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि 20 दिसंबर को आरोपी ने सुबह सात बजे कोचिंग जाते वक्त छात्रा को अगवा कर लिया और दो घंटे बाद घर आकर तीन लाख रुपये बतौर फिरौती मांगे। 21 दिसंबर को किसी तरह 2.12 लाख रुपये दे दिए, जिसके बाद शाम पांच बजे उसने पुत्री को छोड़ दिया। आरोप है कि 23 दिसंबर को आरोपी दोबारा उनके घर आया और बकाया रुपया मांगने लगा। विरोध पर गर्भवती पत्नी से मारपीट की गई और धमकाकर वह दो लाख रुपये के जेवर ले गया। मारपीट से पत्नी की हालत बिगड़ गई और उसका बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि कानूनी कार्रवाई करने पर आरोपी उसे धमका रहा है। एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। इंस्पेक्टर बीसलपुर एसके उपाध्याय को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।