खेकड़ा (बागपत) पुलिस का रवैया बेरहम हो गया है। क्षेत्र के एक गांव में मारपीट के मामले में पूछताछ के लिए एक युवक को थाने लाया गया । युवक अपने को निर्दोष बता रहा था, लेकिन थाने में तैनात एक पुलिस कर्मी ने उसे लात घूसों से जमीन पर गिरा कर पीटा। इससे ग्रामीण युवक के एक पैर की हड्डी टूट गई। पुलिस कर्मी को जब यह आभास हुआ तो वह मौके से भाग गया। नाराज ग्रामीणों ने थाने में हंगामा शुरू कर दिया। बाद में कुछ ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने बीच बचाव कर मामले में दोषी के खिलाफ दंड रख कर फैसला कराया। थाना पुलिस कर्मी की करतूत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।