घर में बुलाकर किशोरी से बलात्कार किया गया। इसके बारे में किसी को बताने पर किशोरी को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने किशोरी की ओर से आरोपी रवि और घर में बुलाने वाली किशोरी की रिश्ते की मौसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना क्षेत्र के एक गांव में तीन अक्तूबर की है। पीड़िता ने बताया कि उसकी ननिहाल के गांव की रहने वाली मुनिया देवी की शादी उसके गांव के रामऔतार से हुई थी। रामऔतार की मौत हो गई। मुनिया उसकी रिश्ते में मौसी लगती है। तीन अक्तूबर को रात करीब आठ बजे मुनिया ने उसे अपने घर बुलाया और घर में अकेले होने की बात कहकर उसे अपने घर में रात को रोक लिया। उसके घर में गांव अमरैया कलां निवासी रवि पहले से ही मौजूद था। रात करीब 11 बजे मुनिया कमरे से उठकर दूसरे कमरे में चली गई। इस दौरान रवि ने उससे दो बार बलात्कार किया। चीखने-चिल्लाने पर भी मुनिया बचाने नहीं आई। घटना के बाद कमरे में पहुंची मुनिया और आरोपी रवि ने उसे घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस डर से अब तक उसने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। घटना की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित किशोरी की ओर से रवि और मुनिया के खिलाफ घर में घुसकर बलात्कार करने, जान से मारने की धमकी देने, षड़यंत्र करने, पास्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर जयवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कोर्ट के लिए चालान किया जाएगा।