पीलीभीत। सगे भाइयों के बीच चल रहे जमीन के विवाद में अमरिया पुलिस के एक दरोगा पर जबरन सामान घर से बाहर फेंकने और महिला से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने एसपी से पूरे मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
अमरिया थाना क्षेत्र के पिंजरा बमनपुरी गांव निवासी शाहीन पत्नी मोहम्मद स्वाले ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसके पति के दो भाई है। 14 साल पहले उन्होंने एक जमीन तीनों के नाम से खरीदी थी। कई दिनों से पति के दोनों भाई खरीदी गई जमीन को कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं। तीन दिन पहले इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। आरोप है कि बृहस्पतिवार को अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और वहां रखा पति का सामान उठाकर बाहर फेंक दिया। इसका विरोध करने पर एक दरोगा ने पीड़िता से धक्का-मुक्की और मारपीट की। पीड़िता ने अपने और परिवारीजनों की जान को खतरा जताते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी देवरंजन वर्मा ने अमरिया पुलिस को पीड़िता की शिकायत पर पीली पर्ची देकर जांच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रकरण की सुनवाई आगामी समाधान और तहसील दिवस में करने को कहा है। जिसमें पुलिस व राजस्व टीम को मौका मुआयना कर जांच के निर्देश दिए हैं।