मझोला। चौकी क्षेत्र के भिंडारा गांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर में दो गुटों के बीच पिछले कई सालों से विवाद चल रहा है। दोनों एक दूसरे को गलत ठहराते हुए आमने-सामने रहते है। इनका विवाद न्यायालय में भी विचाराधीन है। शुक्रवार को एक गुट ने मंदिर में भंडारा आयोजित कराया। इसकी सभी तैयारियां शुरू कर दी गई। इसकी जानकारी लगते ही मौके पर पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों ने ऐतराज जताना शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों ओर से एकत्र लोग आमने -सामने आ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर मझोला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाना न्यूरिया भेज दिया गया। एसएचओ न्यूरिया जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि दोनों के बीच पुराना विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय का इसको लेकर किसी तरह का नया आयोजन न करने का आदेश है। जिसको देखते हुए कार्रवाई की गई है। श्रीराधा कृष्ण विराजमान कमेटी के श्याम बिहारी राठौर, डा.किसनचंद्र पांडे, जोगा सिंह और दूसरे पक्ष से श्रीराधा कृष्ण मंदिर मेला कमेटी के भोलेराम सैनी, रामौतार, त्रिवेंद्र कुमार कुल छह लोगों को शांतिभंग में चालान किया गया है।