लापता किसान का तीसरे दिन भी सुराग नहीं लगा
खेकड़ा (बागपत) । पुलिस क्षेत्र के ग्राम सांकरौद निवासी किसान यशवीर का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस रात्रि एवं दिन भर मोबाइल की लोकेशन के चलते ग्राम मसूरी एवं आस पास के जंगल में तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। किसान ने फोन कर अपने भाई को अपहरण करने की बात कही, उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी।
शुक्रवार को सुबह छह बजे थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरौद निवासी किसान यशबीर (48) खेत में गन्ना काटने गया था। उसके भाई गुलबीर ने शाम के समय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया। जब शनिवार की सुबह लापता यशवीर के मोबाइल से फोन आया कि उसका बदमाशों ने अपहरण जंगल में किसी स्थान पर आंखों पर पट्टी बांध उसे रख रखा है और शाम को उसी स्थान पर पच्चीस लाख रुपये अपहरणकर्ताओं के पास पहुंचा दें जहां वह बताए। पता लगने पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने शनिवार को दोपहर के समय ग्राम हसनपुर मसूरी के जंगल में रात्रि भर कांबिंग की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि मोबाइल की लोकेशन उसी क्षेत्र में आ रही है। वहां पर खड़े गन्ने के एक एक खेत को खंगालने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। उन्होंने कहा जल्द ही लापता को बरामद कर घटनाक्रम से पर्दा उठेगा। दूसरी तरफ यशवीर के परिजन गहरे सदमे में ंहै। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से उसे बरामद कराने की मांग की।