पीलीभीत/बरखेड़ा। मारपीट के मामले में डेढ़ माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर 25 सितंबर को आत्मदाह करने की धमकी देने वाले प्रेमपाल को बरखेड़ा पुलिस ने धार दबोचा। उसको लखनऊ जाते वक्त शाहजहांपुर से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी मामले की जानकारी में जुट गए हैं। बरखेड़ा के अधकटा गांव के प्रेमपाल ने बताया कि उसने पांच अगस्त को मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आज तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जिला स्तर पर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटने के बाद भी काम नहीं हो सका। जिसके बाद पीड़ित ने सीएम को पत्र भेजा। इसमें 25 सितंबर को मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी। इसके बाद से पुलिस युवक की तलाश में जुट गई। आत्मदाह के लिए दी गई तिथि से एक दिन पूर्व रविवार शाम को प्रेमपाल को एसएसआई वीके पटेल ने लखनऊ जाते वक्त शाहजहांपुर से धर लिया। उसको थाने लाकर जानकारी अफसरों को दी गयी और बातचीत कर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। थाने में पूछताछ की जा रही है। एएसपी रोहित मिश्रा को बुलाया गया है।