पीलीभीत। बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर कार की टक्कर लगने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। बाइक सवार ट्रिपल राइडिंग कर रहे थे। शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के लोधीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय अनुज वर्मा पुत्र विनोद रविवार देर शाम एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए पीलीभीत आ रहे थे। उनके साथ दो दोस्त सौरभ और रामोद भी थे। बाइक अनुज चला रहे थे। उनके हेलमेट पहनने को लेकर कोई कुछ नहीं बता सका है। बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर जिरौनिया के पास पहुंचते ही बाइक को कार ने टक्कर मार दी। इसमें तीनों घायल हो गए। आनन-फानन में उनको एक व्यक्ति जिला अस्पताल लाया। यहां अनुज की मौत हो गई। रामोद को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है, जबकि सौरभ को कम चोट आई है। टायर फटने के बाद कार के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। ब्यूरो