पीलीभीत। एक दिन पूर्व बीसलपुर में रसोइया को चाट में नशा देकर नकदी और मोबाइल लूटने की वारदात अंजाम दी गई थी। इसको लेकर पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं जुटा सकी थी कि अब बरखेड़ा क्षेत्र में एक वारदात को अंजाम दे दिया गया। बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे ग्रामीण को चाट में नशा देकर साढ़े 27 हजार रुपये उड़ा लिए गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के लखनऊकलां गांव निवासी कांताप्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता मैकूलाल बृहस्पतिवार सुबह घर से ढाई हजार रुपये लेकर निकले थे। इसके बाद उन्होंने कस्बे में स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक से अपने खाते से 25 हजार रुपये निकाले। रुपये मकान निर्माण के दौरान हुई उधारी केे चुकता करने के लिए निकाले गए थे। रुपये थैले में रखने के बाद पिता मैकूलाल साइकिल से घर के लिए निकले। बैंक से कुछ दूर पहुंचने पर एक चाट के ठेले पर खड़े पांच लोग पहले आपस में बातचीत करते रहे। उन्होंने पिता मैकूलाल को रोक लिया और बातों में फंसाकर उनको भी चाट खिला दी। आरोप है कि चाट में नशीला पदार्थ देकर साढ़े 27 हजार रुपये छीन लिए। पिता के बेहोश होने के बाद उनको प्रतापडांडी नदी पुल के पास छोड़ दिया। ग्रामीणों से पिता के बेहोश होने की सूचना मिलने पर दोपहर बाद वह मौके पर पहुंचे और घर ले गए। जहां होश में आने पर पिता ने पूरी घटना बताई। इंस्पेक्टर एसके उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। बैंक से भी रुपये निकालने को लेकर जानकारी की गई है। इसमें ग्रामीण द्वारा 25 हजार रुपये निकालने की बात सही निकली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।