कोतवाली क्षेत्र का मामला, पांच आरोपी नामजद
पीलीभीत। दहेज उत्पीड़न और छेड़छाड़ के मामले में अध्यक्ष मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली के आदेश पर कानूनी कार्रवाई की गई है। कोतवाली पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी मोहल्ले के ही विपिन से हुई थी। उसको एक पुत्री है। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। इसको पूरा न करने पर प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति अपने दोस्त संजीव मिश्रा, आनंद सहाय को लाकर छेड़छाड़ कराता। उनसे संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। दस अगस्त 2018 को पति के दोनों दोस्तों में घर में आकर उससे दुष्कर्म करने की कोशिश की। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़िता ने अध्यक्ष राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली को शिकायत पत्र भेज गुहार लगाई, जब जाकर कार्रवाई हो सकी है। कोतवाल केपी सिंह ने बताया कि आरोपी पति विपिन, ननद विनीता, नंदोई सुबोध, संजीव मिश्रा, आनंद सहाय के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घर में घुसकर छेड़छाड़, घरेलू हिंसा की रिपोर्ट दर्ज की गई है।