पीलीभीत। बटन व्यापारी गौरांग जायसवाल की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद नामजद किए गए आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया। जिनको पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया है।
बिलसंडा कस्बे के निवासी गौरांग जायसवाल पुत्र अजय का शव आठ अगस्त की सुबह मलिकापुर गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला था। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात स्पष्ट होने पर पिता अजय जायसवाल ने शुक्ला जी की बगिया निवासी परशुराम और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद एसओ सीपी शुक्ला ने ने नामजद किए गए दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें मामला प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने का निकला। जिसके बाद खुलासा करते हुए शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को चालान कर जेल भेज दिया है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है तकि मृतक का आरोपी की पत्नी राजकुमारी से प्रेम प्रसंग था। सात अगस्त की रात को भी वह महिला से मिलने पहुंचा। इसको लेकर पति परशुराम से उसकी मारपीट हो गई। इससे पहले भी दोनों में इस बात पर विवाद हो चुका था। मारपीट के दौरान आरोपी परशुराम ने अपनी पत्नी की मदद से गौरांग की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को घर से दूर सड़क किनारे फेंक आए। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपने जुर्म को कबूल किया है।