पीलीभीत/हजारा। एक तरफ एसएसबी के अधिकारी सीमावर्ती इलाकों में जन सामान्य से सामंजस्य स्थापित करने के लिए शिविर लगाकर तो कभी घरेलू जरूरतों के सामान बांटकर मेलजोल बढ़ा रहे हैं। वहीं कंबोजनगर में एसएसबी के सिपाहियों ने जमकर उत्पात मचाया। नशे की हालत में पहुंचकर एक मकान के बाहर खड़े दो सगे भाईयों पर तस्करी का आरोप लगाते हुए गाली गलौच शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई। परिवारीजनों के बीच बचाव करने पर अपने अन्य साथी बुलाकर उनकी भी पिटाई कर दी। इस दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए घटना की तहरीर पुलिस को दी है। घटना को लेकर बार्डर क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
हजारा थाना क्षेत्र के कंबोजनगर निवासी जायदा खातून पत्नी मैनुद्दीन शाह ने बताया कि मंगलवार शाम को उनके दो बेटे अजरुद्दीन और नजरुद्दीन घर के बाहर बैठे हुए थे। इस बीच पास के 39 वीं वाहिनी एसएसबी कैंप के दो जवान वहां आ धमके। आरोप है दोनों ने नशे की हालत में पीड़िता के बेटों से गाली गलौच करने लगा। उन पर नेपाल से सीमेंट आदि की तस्करी करने का आरोप लगाते हुए बंद करने की धमकी देना शुरू कर दिया। गाली देने का विरोध करने पर सिपाहियों ने मारपीट शुरू कर दी। चीख पुकार सुनकर परिवारीजन मौके पर पहुंचे और बीचबचाव कराने की कोशिश की। आरोप है कि एसएसबी जवानों ने इस पर अपने अन्य साथी बुला लिए। जिसके बाद लाठी डंडे से उनकी पिटाई कर दी। उधर सिपाहियों का आरोप है कि दोनों युवक नेपाल में सीमेंट की तस्करी करते है। उनका पीछा करने पर एसएसबी के सिपाहियों से मारपीट की गई। जिसमें सिपाही सुखदेव सिंह को काफी चोट आई है। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाना पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ एसपी उपाध्याय ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। एसएसबी के निरीक्षक संदीप कुमार और दूसरे पक्ष से घायल युवकों की मां जायदा खातून ने तहरीर दी है। मामले की जांच कराई जा रही है, सामने आए तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है।