नवाबगंज रोड पर रपटा पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पशु बेचकर लौट रहे ग्रामीण से तमंचा तानकर 69 हजार रुपये लूट लिए। ग्रामीण के विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की और तमंचा लहराते हुए भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के सिमरिया ताराचंद निवासी किसान तेजपाल रविवार को अपने भतीजे विशाल के साथ बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के अधकटा गांव की बाजार पशु बेचने गए थे। जहां उनके पशु 69 हजार रुपये में बिके थे। इसके बाद उन्होंने फोन करके अपने ममेरे भाई प्रेमपाल को बुला लिया। वहां से देर शाम तीनों लोग एक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। नवाबगंज रोड पर रपटा पुल के पास पीछे से बाइक सवार तीन बदमाश आए और ओवरटेक करके तेजपाल को रोक लिया। पीड़ित कुछ समझ पाते, इससे पहले दो बदमाशों ने तमंचा तानकर तेजपाल, उसके भतीजे समेत तीनों को रोक लिया। तेजपाल की जेब में रखे 69 हजार रुपये लूट लिए। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई और धमकाते लौट गए। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बदमाशों की तलाश जारी है।