माधोटांडा (पीलीभीत)। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर मथनाजप्ती के पास ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला करीमगंज निवासी यामीन अंसारी बैंड मास्टर हैं। उनका 16 वर्षीय पुत्र सोहेल बृहस्पतिवार को पीलीभीत में शाहजी मियां की दरगाह पर गया था। उसके साथ मोहल्ले के ही 17 वर्षीय समीर और 18 वर्षीय फैजान थे। रात को तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर पीलीभीत से पूरनपुर जाने के लिए निकले। बाइक सोहेल चला रहा था। उसने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर मथनाजप्ती के पास पहुंचते ही बाइक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर माधोटांडा और यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में इलाज के लिए तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहां सोहेल की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों की हालत नाजुक बनी है। खबर मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों से जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मची है। मृतक सात भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक बहन है।