पूरनपुर (पीलीभीत)। घरेलू कलह को लेकर दो दिन पहले गांव जटपुरा निवासी अनिल ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थे। इलाज के बाद अनिल तो बच गया, लेकिन सोमवार शाम उसकी पत्नी पिंकी (20) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पिंकी की मौत पर उसके मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच घंटों चली पंचायत के बाद पिंकी के चाचा ने जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पिंकी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। पति अनिल को पुलिस ने हिरासत मेें ले लिया है।
जटपुरा गांव निवासी अनिल की शादी करीब दस माह पहले गांव बांसखेड़ा निवासी पिंकी से हुई थी। पिंकी के माता-पिता न होने पर उसका पालन पालन पोषण उसके चाचा छोटेलाल ने किया था। दो दिन पहले घर में विवाद होने पर अनिल ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में लाया गया। डॉक्टरों ने अनिल को बचा लिया। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद रविवार को अनिल घर पहुंच गया। मगर अगले ही दिन सोमवार शाम पिंकी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे नगर के एक प्राइवेट अस्पताल और बाद मेें सीएचसी लाया गया, लेकिन पिंकी की जान नहीं बच सकी। पिंकी की मौत की सूचना पर उसके मायके वालों ने अनिल के घर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर सीओ कमल सिंह, नायब तहसीलदार अनुराग सिंह, कोतवाल केशव कुमार तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में घंटों दोनों पक्षों में पंचायत हुई। इसके बाद पिंकी के दूसरे चाचा मलखान ने पुलिस को पत्र देकर पिंकी की मौत की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
पति के जहर खाने से परेशान थी पिंकी
दो दिन पहले जब अनिल ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की तो पिंकी खासी परेशान हो गई थी। पति की हालत में सुधार हो, इसके लिए वह ईश्वर से प्रार्थना भी करती रही। पति की हालत में सुधार होने पर पिंकी खुश थी। अनिल के घर लौटने पर उसने भगवान का प्रसाद बोलने की जानकारी दी। फिर एक ही दिन में ऐसा क्या हुआ कि पिंकी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। गांव के लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
पिंकी के चाचा मलखान ने तहरीर में जांचकर कार्रवाई की मांग की है। इस पर पिंकी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई होगी। - केशव कुमार तिवारी, कोतवाल
पिंकी की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। दो दिन पहले उसके पति के भी जहर खाने की जानकारी गांव के कुछ लोगों ने दी। संदिग्ध हालत में पिंकी की हुई मौत पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। - अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार