बीसलपुर। डीएम के निर्देश पर लेखपाल के शव का रात में ही पोस्टमार्टम हो गया। पुलिस ने रविवार को दूसरे दिन हादसे की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
तहसील के लेखपाल थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव मैनी निवासी मुनेंद्र पाल की शनिवार की शाम बेनीपुर रोड पर गांव गजरौला के पास ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने शाम को ही शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। डीएम डॉ. अखिलेश मिश्र के निर्देश पर लेखपाल के शव का रात में ही पोस्टमार्टम हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घरवालों को सौंप दिया। रविवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने लेखपाल के घर जाकर शोक जताया और घरवालों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने रविवार को लेखपाल के बेटे धर्मेंद्र की तहरीर पर ट्रैक्टर ड्राइवर कोतवाली क्षेत्र के गांव कनगवां निवासी अरविंद कुमार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।