कक्षा नौ के छात्र ने साथी को धमकाकर की वसूली
शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस जांच में जुटी
शहर के एक सरकारी कॉलेज का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। शिक्षा ग्रहण करने के बजाए कक्षा नौ के छात्र ने बेहद शातिराना अंदाज में साथी छात्र से वसूली शुरू कर दी। उसने अपने ही क्लास में पढ़ने वाले एक छात्र को डराया-धमकाया। इसके बाद पहले उससे नकदी और बाद में सोने की अंगूठी ऐंठ ली। बात परिजनों तक पहुंचने पर खलबली मच गई और मामला कॉलेज के बाद पुलिस तक आ पहुंचा। पीड़ित छात्र के पिता से मिली शिकायत पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 13 वर्षीय पुत्र कोतवाली क्षेत्र के एक सरकारी कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। उसी के साथ पढ़ने वाले एक किशोर ने उसको डरा-धमकाकर पहले साढ़े तीन हजार रुपये ऐंठ लिए। धमकी से घबराकर उनका बेटा चुपचाप घर से रुपये ले गया और आरोपी छात्र को दे दिए। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने 21 जुलाई को कॉलेज जाकर शिकायत की। इसमें आरोपी बच्चे को काफी समझाया बुझाया गया। इसके बाद भी वह नहीं सुधरा। उसने पीड़ित के बेटे को दोबारा धमकाया। जिसके बाद 23 जुलाई को बेटा घर से सोने की अंगूठी ले जाकर आरोपी छात्र को दे आया। छात्र के खिलाफ नामजद तहरीर देकर पिता ने कार्रवाई की मांग की। कोतवाल केपी सिंह ने बताया कि छात्र के भविष्य को देखते हुए अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। इसको लेकर कॉलेज जाकर भी बातचीत की जाएगी। अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है।