बीसलपुर (पीलीभीत)। रसूला सेंटर से गन्ना लेकर चीनी मिल आ रहे दियोरियाकलां के बेनीपुर गांव निवासी निर्देश कुमार को बरेली रोड पर मंडरा मोड़ के पास बृहस्पतिवार रात 11 बजे कार सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद एक बदमाश ट्रैक्टर ट्राली लेकर बीसलपुर की ओर चला गया। बकाया तीन ने कार में असलहों के बल पर बंधक बना लिया। कार में उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और हाथ भी पीछे की ओर कपड़े से बांध दिए। दो घंटे घुमाने के बाद रात एक बजे बदमाश युवक को भड़रिया मोड़ पर छोड़ गए। आधा घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह खुद को बंधनमुक्त कर युवक ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद गन्ना लदी ट्राली को बारह पत्थर चौराहा से बरामद कर लिया। कार्रवाई करने के बजाए पुलिस ने लूट की इस वारदात को संदिग्ध बता जांच में टाल दिया है।
पीड़ित निर्देश कुमार ने बताया कि वह सिमरा गांव के पप्पू के ट्रैक्टर पर चालक है। ट्रैक्टर वर्तमान समय में बीसलपुर चीनी मिल की ओर से रसूला गन्ना सेंटर पर लगा है। सेंटर से गन्ना लोड कर उसको चीनी मिल ले जाया जाता है। रोज की तरह निर्देश बृहस्पतिवार रात साढ़े दस बजे रसूला सेंटर से गन्ना लोड कर ट्रैक्टर ट्राली से चीनी मिल के लिए निकला। रात 11 बजे बरेली रोड पर मंडरा मोड़ पर पहुंचते ही कार में सवार होकर आए चार सशस्त्र बदमाशों ने ओवरटेक कर उसको रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता बदमाशों ने असलहों के बल पर उसको कार में डाल दिया। तीन बदमाश उसके पास रहे और एक बदमाश गना लदी ट्रैक्टर ट्राली को लेकर बीसलपुर की ओर निकल गया। कार में डालने के बाद बदमाशों ने उसकी आंख पर पट्टी बांध दी और हाथ पीछे की ओर बांध दिए। इसके बाद उसको दो घंटे तक कार में डालकर घुमाते रहे। आंखों पर पट्टी बंधा होने के कारण उसको कुछ पता नहीं लग सका। रात करीब एक बजे बदमाश निर्देश को भंड़रिया मोड़ पर छोड़ गए। पुलिस को सूचना न दी जा सके, इसके लिए मोबाइल की बैटरी भी निकालकर फेंक दी। आधा घंटे बाद खुद को बंधनमुक्त कर पीड़ित कोतवाली पहुंचा और घटना की शिकायत की। लूटपाट की शिकायत पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रात में ही पुलिस छानबीन के लिए दौड़ पड़ी। इस बीच नगर के बारह पत्थर चौराहा से लूटी गई गन्ना लदी ट्रॉली को बरामद कर लिया गया, जबकि ट्रैक्टर का कोई पता नहीं लग सका। लूट की जानकारी मिलने पर रात में ही ट्रैक्टर मालिक पप्पू भी कोतवाली पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम को जाना। जिसके बाद चालक निर्देश की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।
000
एक ही गैंग तो नहीं कर रहा वारदात!
बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे लखीमपुर से शाहजहांपुर जा रहे लखीमपुर खीरी के बहादुर नगर निवासी अजय सक्सेना को कार सवार चार बदमाशों ने बंधक बनाकर उनकी कार लूट ली थी। बदमाशों ने बिलसंडा के सुहेला भट्टा पर इसी तरह से ओवरटेक कर अजय को रोकने के बाद बंधक बनाया था और कार में मारपीट करते हुए घुमाते रहे थे। हाथ और आंख पर पट्टी बांधने और दो घंटे घुमाने के बाद छोड़ने की बात भी दोनों वारदातों में एक सी 8है। ऐसे में कहीं दोनों वारदातों को अंजाम देने वाला एक ही गैंग तो नहीं।
000
चालक निर्देश से अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। मौका मुआयना कर जानकारी की गई है। मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार त्यागी, कोतवाल
----------------