पीलीभीत। पुलिसकर्मियों में सीसीटीएनएस योजना के ज्ञान को परखने के लिए नवागत एसपी मनोज कुमार सोनकर की ओर से आयोजित की गई परीक्षा में मातहतों की हकीकत खुलकर सामने आ गई। दस अंकों की इस परीक्षा में जहानाबाद और बरखेड़ा थाने के पुलिसकर्मी महज तीन-तीन अंक पा सके और फेल हो गए। जबकि बिलसंडा इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्यागी ने दस में से दस अंक पाकर अव्वल स्थान पाया। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार शाम हुई इस परीक्षा में सीसीटीएनएस की जानकारी से जुड़े कई सवाल पूछे गए थे। इसमें सर्विलांस टीम और महिला थाना पुलिस को भी शामिल किया गया था। शनिवार को इसका परिणाम घोषित किया गया। एएसपी रोहित मिश्र ने बताया कि सबसे कम तीन-तीन अंक बरखेड़ा के एसआई संजीव कुमार तोमर और जहानाबाद के सुरेश कुमार सिंह को मिले हैं। सर्वाधित अंक पर बिलसंडा इंस्पेक्टर मनोज त्यागी हैं। इसके अलावा सर्विलांस सेल के रेहान खां, बीसलपुर इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा, महिला थाना प्रभारी नविता सिंह को नौ-नौ, इंस्पेक्टर माधोटांडा दुर्गा सिंह, इंस्पेक्टर न्यूरिया नरेश कुमार को आठ-आठ, अमरिया के दरोगा संजय कुमार, सेहरामऊ उत्तरी थाना प्रभारी उदयवीर सिंह, गजरौला इंस्पेक्टर शहरोज अनवर, पूरनपुर के एसएसआई जितेंद्र कुमार को सात-सात, इंस्पेक्टर कोतवाली केपी सिंह, हजारा के दरोगा सुरेश पाल को छह-छह और दियोरियाकलां के दरोगा जयप्रकाश चौहान, सुनगढ़ी के दरोगा नरेंद्र पाल सिंह को पांच-पांच नंबर मिले हैं।