पीलीभीत। बीमार महिला का इलाज करने के बहाने एक युवक पर नशा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। इसके अलावा पति पर भी 50 हजार में महिला को बेचने का संगीन आरोप लगाया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शहर की एक महिला ने बताया कि उसकी शादी 18 साल पहले बहेड़ी (बरेली) के मुड़िया नबीबख्श निवासी अब्दुल जाकिर से हुआ था। जिससे उसको पांच बच्चे हैं। छह माह पूर्व पीड़िता की तबीयत खराब हो गई थी। जिस पर पति महिला को बरखेड़ा के पौटा पंडरी निवासी तौफीक खां के घर छोड़ गया। वहीं पर महिला का इलाज कराया गया। आरोप है कि झाड़ फूंक कराने के दौरान तौफीक ने पीड़िता को नशा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। हालत में सुधार होने पर जब पीड़िता ने घर जाने की कोशिश की तो आरोपी ने बंधक बना लिया और यौन शोषण करता रहा। पति पर 50 हजार रुपये में बेचने का आरोप लगाया। किसी तरह 25 दिन पहले छूटकर निकलने के बाद पीड़िता ने शिकायत पुलिस से की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद महिला ने कोर्ट की शरण ली, तब जाकर कार्रवाई हो सकी है। कोतवाल देशपाल सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला ने घटना की कोई तारीख तहरीर में स्पष्ट नहीं की है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।