खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक जालसाज ने किराना व्यापारी से उसका आधार कार्ड नंबर ले लिया। इसके बाद मोबाइल पर आए मैसेज को भेजने की बात कही। मैसेज भेजने के चंद मिनट बाद ही पीड़ित के खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर पीड़ित ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव के निवासी राहुल पुत्र रूपलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह किराना की दुकान करता है। उसका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की शिवनगर शाखा में है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उसके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। फोन रिसीव करने पर दूसरी ओर से बोल रहे युवक ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। इसके बाद खाते में आधार कार्ड जोड़ने की बात कहकर झांसे में लिया। आधार कार्ड नंबर बताने के बाद उसने एटीएम कोड की जानकारी की। जिसके बाद एक मैसेज भेजने को कहा। मैसेज भेजने के कुछ ही देर में पीड़ित को खाते से 30 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। जिसके बाद व्यापारी के होश उड़ गए। बैंक जाकर जानकारी करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इंस्पेक्टर जयवीर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी कर तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।